मवाना। गांव मवाना खुर्द के लोगों ने एसडीएम को दिए पत्र में आवारा सांड़ से गांव के लोगों को मुक्ति दिलाने की मांग की है। सांड़ कई लोगों को घायल कर चुका है। गांव मवाना खुर्द निवासी अभिषेक त्यागी, आयुष आदि ने एसडीएम संतोष कुमार सिंह को दिए पत्र में बताया कि गांव में बीते लंबे समय से एक आवारा सांड़ घूम रहा है। जो व्यक्तियों को देखते ही उन पर हमला कर देता है। लगभग छह माह पहले सांड़ के हमले में गांव निवासी 70 वर्षीय अजीज की मौत हो चुकी है। जबकि गांव के ही चंद्रमोहन (55), उज्ज्वल (17), सोनू त्यागी (48) आदि दर्जनभर लोगों को घायल कर चुका है। इस कारण गांव के लोगों को घर से बाहर या खेत पर काम करने जाना मुश्किल हो गया है। सांड़ के आतंक से ग्रामीणों को निजात दिलाने की मांग की है। एसडीएम ने एफआरओ को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।