मवाना। भाकियू भानू के कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम अंकित कुमार को ज्ञापन देते हुए किसानों की समस्याओं का समाधान और गन्ना मूल्य 550 रुपये प्रति क्विंटल घोषित किए जाने की मांग की।
ज्ञापन में कहा है कि प्रदेश में गन्ना किसानों की आर्थिक दशा दिन प्रतिदिन बिगड़ती जा रही है। गन्ना फैक्टरियों द्वारा तय समयानुसार भुगतान नहीं किया जा रहा है। मवाना गन्ना समिति में किसानों के लिए शुद्ध पेयजल व सुलभ शौचालय की व्यवस्था, प्रत्येक गांव को आवारा पशु मुक्त कराने, विद्युत खंड द्वितीय पर नाम परिवर्तन के नाम पर अवैध वसूली रोकने, पशु चिकित्साधिकारी मवाना पर किसानों से अभद्रता का आरोप, पुलिसकर्मियों पर रात के समय किसानों को खेत में आते-जाते समय रोके रखने का आरोप, स्वच्छ भारत जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्र में टंकी कनेक्शन कार्य पूरा कराने, क्षेत्र के सभी प्राइवेट हॉस्पिटल व पैथोलॉजी लैब के मानकों की जांच करने, खतौनी में किसानों के सही अंश निर्धारण के लिए प्रत्येक गांव में कैंप लगाने आदि समेत अन्य मांग की हैं।
इस मौके पर अमित त्यागी, इंद्रेश, नितिन त्यागी जिला महामंत्री, पुनीत त्यागी तहसील अध्यक्ष, ठाकुर ऋषिपाल सिंह प्रदेश महामंत्री, शेखर, प्रदीप त्यागी, सरदार गुरुदयाल सिंह, सतीश शर्मा, महावीर सिंह गुर्जर, सतीश त्यागी, अशोक आदि मौजूद रहे।