सरूरपुर। कस्बा हर्रा व पांचली बुजुर्ग में नवरात्र के शुरू होने के बाद भी मीट की दुकान खुलने पर योगी सेवक नीरज शर्मा ने अधिकारियों से शिकायत की है। आरोप है कि नवरात्र के मौके पर प्रति वर्ष मीट की दुकानों को बंद कराया जाता है लेकिन इस बार हर्रा चौकी पुलिस की ने मीट दुकान खुलेआम खुलने पर कोई कार्रवाई नहीं की है। जबकि किसी भी दुकानदार ने अपनी दुकान को ढका भी नहीं है। शारदीय नवरात्र की शुरूआत होते ही मीट मांस की बिक्री पर सरकार ने पूरी तरह से रोक लगा दी। सभी प्रतिष्ठान बंद रखने के आदेश जारी कर दिए हैं। सरूरपुर थाने की हर्रा पुलिस चौकी मुख्यमंत्री के आदेश मानने को तैयार नहीं है। पुलिस की देखरेख में हर्रा व पांचली बुजुर्ग में नवरात्र के पहले दिन खुलेआम दुकान खोलकर मीट बेचा जा रहा था। खुद को योगी सेवक बताने वाले नीरज शर्मा ने इस मामले की आला अधिकारियों को फोटो वीडियो भेज कर सूचना दी। आरोप है कि हर्रा चौकी प्रभारी ने साठगांठ कर मीट की दुकानों को खुलने दिया। आरोप है कि चौकी पुलिस कस्बा हर्रा में अवैध कमेला भी संचालित करा रही है। थाना प्रभारी अजय शुक्ला ने बताया कि उन्होंने पहले ही मीट बेचने वालों को नवरात्र पर दुकान को बंद करने के निर्देश दिए हैं। जिन लोगों ने दुकान खोली है उन्हें तुरंत बंद करा दिया गया है। नियमों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की जाएगी।