मेरठ। दिल्ली-हरिद्वार बाईपास एनएच-34 (पूर्व एनएच-58) को जाम से निजात दिलाने के लिए बुधवार को कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। उन्होंने एनएच-34 पर कई स्थानों पर अंडरपास, सर्विस रोड, ड्रेनेज का निर्माण कराने, छह लेन चौड़ीकरण करने अथवा दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से सिवाया टोल प्लाजा तक एलिवेटिड रोड बनाने की मांग की।
मेरठ कैंट से भाजपा विधायक अमित अग्रवाल ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से उनके दिल्ली स्थित आवास पर भेंट की और मेरठ के विकास कार्यों को लेकर चर्चा की। कैंट विधायक ने कहा कि दिल्ली-हरिद्वार बाईपास एनएच-34 से प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं। इस कारण सिवाया वेस्टर्न टोल प्लाजा पर घंटों जाम लगता रहता है। केंद्रीय मंत्री ने खुद इस अनुभव को साझा किया। उस समय केंद्रीय मंत्री ने मेरठ एक्सप्रेसवे से सिवाया वेस्टर्न यूपी टोल प्लाजा तक एलिवेटिड रोड बनाए जाने की आवश्यकता अनुभव की थी।
मंत्री ने एनएचएआई के अधिकारियों को इन कार्यों की डीपीआर बनाने के निर्देश दिए थे, लेकिन अभी तक कार्यवाही आगे नहीं बढ़ी है। कैंट विधायक ने इस कार्यों को लेकर केंद्रीय मंत्री से विस्तृत चर्चा की। विधायक ने कहा कि एनएच-34 पर कई स्थानों पर अंडरपास, सर्विस रोड और डेनेज का निर्माण कराया जाए। इसके साथ ही एनएच-58 को छह लेन चौड़ीकरण किया जाए। केंद्रीय मंत्री ने एनएचएआई अधिकारियों को तुरंत इन कार्यों की कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।