फलावदा। व्यापारी पर जानलेवा हमले के प्रयास के मुकदमे में पुलिस द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं किए जाने पर व्यापार संगठन ने नाराजगी जताई है। आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक बाजार बंद करने की चेतावनी दी है।
बुधवार को पैठ बाजार के पास कस्बे निवासी आरोपियों ने कृषक सेवा केंद्र संचालक योगेंद्र के प्रतिष्ठान पर पहुंचकर जानलेवा हमला किया था। इस संबंध में पीड़ित ने थाने में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। व्यापारी का आरोप था कि आरोपियों ने उसकी दुकान में घुसकर तमंचे से जानलेवा हमला किया, लेकिन गोली मिस होने के कारण वह बाल-बाल बच गया।
बृहस्पतिवार रात करीब 10 बजे व्यापार संगठन ने पीड़ित योगेंद्र के प्रतिष्ठान पर बैठक की। बैठक में शुक्रवार से अनिश्चितकालीन बाजार बंद करने का निर्णय लिया गया। व्यापारियों का कहना था कि जब तक पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करती, तब तक वह बाजार बंद रखेंगे। बैठक में नगर पंचायत के चेयरमैन अशोक सोनी, अश्वनी विश्नोई, योगेंद्र, अजय शर्मा, आरव राजपूत, प्रशांत खटीक, अमित कुमार, प्रमोद कुमार, महेशपाल, संजय, राजेंद्र, आशु पालीवाल, मनोज जाटव आदि व्यापारी उपस्थित रहे।
थाना प्रभारी धीरेंद्र उपाध्याय का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। शीघ्र ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।