सरधना। नगर के मोहल्ला छावनी में ब्याज के पैसे नहीं देने पर दबंगों ने युवक पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
नगर के मोहल्ला छावनी निवासी पीड़ित इदरीश पुत्र इस्लामुद्दीन ने तहरीर में बताया कि मोहल्ले के ही आरोपी ने उसने ब्याज पर रुपये उधार लिए थे। उधार लिए रुपयों का मूल चुकता कर दिया। ब्याज देने को उसने कुछ दिन का समय मांगा था। किसी कारण वह तय समय पर ब्याज के रुपये नहीं दे पाया।
शनिवार रात आरोपियों ने उसे फोन पर मिलने के लिए बुलाया। जब वह आरोपी से मिलने गया तो उसके साथ अन्य दो आरोपियों ने मारपीट कर दी। आरोपियों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। जिससे वह घायल हो गया। शोर सुनकर आसपास के लोगों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी निरीक्षक रमाकांत पचौरी का कहना कि तहरीर के आधार पर जांचकर कार्रवाई की जाएगी।