दौराला। बारिश के कारण खेतों में जलभराव होने से दौराला चीनी मिल का पेराई सत्र अब छह नवंबर से शुरू होगा। पहले मिल प्रबंधन ने दो नवंबर को पेराई सत्र का शुभारंभ करने की तैयारी की थी, लेकिन लगातार बारिश के चलते खेतों में गन्ने की कटाई और ढुलाई प्रभावित होने की आशंका के चलते तारीख बढ़ा दी गई है। चीनी मिल प्रबंधन के अनुसार पेराई सत्र शुरू करने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बाह्य क्रय केंद्रों पर तौल कांटे स्थापित कर दिए गए हैं। केन यार्ड में साफ-सफाई, प्रकाश, पानी और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी पूरी कर ली गई हैं। चीनी मिल के वरिष्ठ महाप्रबंधक आरएस सहरावत ने किसानों से अपील की है कि वह पेराई शुरू होने से पहले अपनी तैयारियां पूरी कर लें। समिति पर्ची प्राप्त होने के बाद ही गन्ने की छिलाई करें।