दरवाजे में उतरा करंट, मऊ खास के प्रधान के बेटे की मौत
मेरठ। मुंडाली थाना क्षेत्र के गांव मऊ खास में रविवार सुबह प्रधान रविंद्र सेन के बेटे शिवम सेन (21) की करंट लगने से मौत हो गई। बेटे की मौत के बाद परिवार में मातम छा गया। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। हालांकि जानकारी होने के बाद पुलिस पहुंची और हादसे के बारे में पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक मऊ खास के प्रधान रविंद्र सेन के तीन बेटी और एक बेटा शिवम था। शिवम दो बहनों में बड़ा था। दो साल पहले प्रधान की पत्नी इंदू की बीमारी के चलते मौत हो गई थी। उन्होंने बताया कि शिवम मेरठ में एक बुक स्टोर पर काम करता था। रविवार सुबह करीब 8:30 बजे वह घर में सबमर्सिबल पंप से बाइक की धुलाई कर रहा था। सबमर्सिबल का केबल पास में ही लगे लोहे के गेट के बराबर से आ रहा था। केबल में कट होने के कारण दरवाजे में करंट उतर गया। इसी दौरान बाइक की धुुलाई करने के दौरान शिवम दरवाजे से टकरा गया और करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी के बाद परिजन बिलखते रहे। काफी संख्या में ग्रामीण भी जुटे और परिवार को सांत्वना दी।
---
सावधानी बरती होती तो शायद न होता हादसा
- कुछ ग्रामीणों का कहना था कि दरवाजे के पास से जा रहे केबल में कट की ओर ध्यान नहीं दिया गया। यदि इसे समय रहते दुरुस्त कर लिया गया होता तो शायद यह हादसा न होता और शिवम की जान बच जाती।
-----