मेरठ। विश्व हिंदू परिषद के प्रांत मंत्री राजकुमार डूंगर ने कहा कि नारी का स्नेह, समर्पण, वात्सल्य, नारी की सेवा ऐसी शक्तियां हैं, जिन्हें पाकर मनुष्य अक्षय शक्ति वाला बन जाता है। पढ़ी-लिखी मां बालक को केवल किताबी ज्ञान ही दे सकती है, लेकिन संस्कारित मां बालक को महान बना सकती है।
मातृ शक्ति विहिप के तत्वावधान में बुधवार शाम को बागपत रोड स्थित गॉडविन काॅलोनी में मातृ शक्ति सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन का शुभारंभ प्रांत मंत्री राजकुमार डूंगर, दुर्गा वाहिनी विभाग संयोजिका रंजना वर्मा, विशेष संपर्क प्रमुख विहिप नवीन अग्रवाल एवं कार्यक्रम अध्यक्ष ललिता ने किया। राजकुमार डूंगर ने कहा कि बच्चों का भविष्य बनाने के लिए मोबाइल से दूर रखना चाहिए। मातृ शक्ति ने समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और नई पीढ़ी को राष्ट्र और समाज सेवा के लिए संस्कारित करने में मातृ शक्ति विश्व हिंदू परिषद की अहम भूमिका रही है। रंजना वर्मा ने कहा कि हम भारत को विश्व गुरु बनाने के अभिलाषी हैं, परंतु यह कार्य केवल पुरुषों के द्वारा नहीं किया जा सकता। इसमें पुरुषों के बराबर ही महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित होती हैं। संचालन अंजु शर्मा ने किया। इस दौरान पंडित बृजेश जोशी, नवीन, संजीव, अंकुश, पंकज, आकाश प्रजापति आदि उपस्थित रहे।