हस्तिनापुर/बहसूमा/ किठौर/मेरठ। तेज बारिश और बादलों की गड़गड़ाहट के बीच बिजली गिरने से बृहस्पतिवार को खादर क्षेत्र में रामराज निवासी किसान की मौत हो गई। वहीं किठौर थाने की सीमा के पास हापुड़ के गांव डिबाई में भी बिजली गिरने से युवक की मौत हो गई। परतापुर, सरूरपुर में भी बिजली गिरने से घरों में बिजली के उपकरण फुंक गए।
रामराज निवासी दराईलाल (65) किशनपुर स्थित खेत से लौट रहा था। दराईलाल किशनपुर मार्ग पर लतीफपुर गांव से समीप पहुंचा तो बादलों की गड़गड़ाहट के साथ बिजली गिर गई। बिजली गिरने से सड़क में गड्ढा हो गया और दराईलाल की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और किसान के परिजनों व पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के परिजनों से पोस्टमार्टम के लिए कहा तो उन्होंने इनकार कर दिया और शव को अपने साथ ले गए। बाद में तहसील अधिकारियों के समझाने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। घटना से खेतों में कार्य कर रहे किसानों में दहशत फैल गई। दराईलाल का एक बेटा गोपाल फुटेला और तीन बेटियां हैं। सभी शादीशुदा हैं। सबसे बड़ी पुत्री बीना (45) यमुनानगर, कांता रानी सहारनपुर एवं सबसे छोटी सीमा (32) अमेरिका में रह रही है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों एवं ग्रामीणों ने प्राकृतिक आपदा के तहत मिलने वाले मुआवजे की मांग की है।
वहीं किठौर थाने की सीमा के पास हापुड़ के गांव डिबाई में बिजली गिरने से कोल्हू में काम कर रहे मारूफ (35) पुत्र बाबू की मौत हो गई। उसका साथी जाकिर मामूली रूप से घायल हो गया। मौत की खबर सुनकर परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी पर किठौर पुलिस भी पहुंची, बाद में क्षेत्र सिंभावली का निकला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मारूफ के पांच बच्चे हैं।
आकाशीय बिजली गिरने से उपकरण फुंके
परतापुर में बृहस्पतिवार सुबह करीब 10 बजे बारिश के दौरान गगोल गांव में बिजली गिरने से कई घरों में उपकरण फुंक गए। शेरसिंह व गफ्फार ने बताया कि शीशम के पेड़ पर भी बिजली गिरी थी। वहीं परतापुर के इटायरा में भी बिजली गिरने से उपकरण फुंक गये। सरूरपुर गांव में भी एक दर्जन घरों के बिजली के अपकरण फुंके।
लिसाड़ीगेट में दीवार गिरी
बारिश के दौरान लिसाड़ीगेट के समर गार्डन में एक दीवार गिर गई। दीवार के मलबे की चपेट में आकर चांद घायल हो गया। आसपास के लोगों ने बताया कि बरसात और नाली के पानी से दीवार की नींव खिसक गई। दीवार पहले भी गिरने जैसी हालत में थी। गनीमत रही कि युवक के हाथ और पैर में ही चोट लगी है।