फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मुठभेड़ में दबोचे मुकीम काला गैंग के दो बदमाश, जेल में बंद कुख्यात ने चिकित्सक से मांगी थी रंगदारी

Sat, 13 Jul 2019 01:07 AM IST
कपिल kapil न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सहारनपुर
विज्ञापन
मुठभेड़ में बदमाश घायल - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद में चिकित्सक से रंगदारी मांगने वाले बदमाशों से शुक्रवार को पुलिस की मुठभेड़ हो गई। एक बदमाश गोली लगने से घायल हुआ, जबकि दूसरा भागते समय नाले में गिरकर घायल हो गया। दो बदमाशों को पकड़ लिया, जबकि दो फरार हो गए। बदमाशों की गिरफ्तारी होने पर पुलिस ने खुलासा किया कि चिकित्सक से पांच लाख रुपये रंगदारी उदयपुर जेल में बंद कुख्यात बदमाश सादर तीतरो ने मांगी थी। दो बदमाशों ने फोन पर सादर की बात चिकित्सक से कराई थी। गिरफ्तार दोनों बदमाश मुकीम काला और सादर तीतरो गैंग के सदस्य हैं। 

विज्ञापन


जनकपुरी थाना क्षेत्र में देहरादून रोड स्थित मेडीसिटी हास्पिटल के डॉक्टर शादाब अंसारी से गत मंगलवार को दो बदमाशों ने मरीज बनकर अस्पताल में जाकर रंगदारी मांगी थी। आरोपियों ने फोन पर सादर तीतरो से बात कराई थी, जिसने चिकित्सक को धमकी दी थी। जबकि दो आरोपी अस्पताल के बाहर खड़े रहे। चिकित्सक ने इस मामले में सादर तीतरो को नामजद करते हुए जनकपुरी थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पहचान कराकर आरोपियों को तलाशना शुरू कर दिया। 

एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि शुक्रवार तड़के मुखबिर की सूचना पर जनता रोड पर बदमाशों की घेराबंदी की गई। जनकपुरी, फतेहपुर पुलिस के अलावा अभिसूचना विंग मौके पर पहुंची। बाइक के पास चार लोग खड़े हुए थे। पुलिस को देखते ही फायरिंग कर बदमाश भागने लगे। पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश की टांग में गोली लगी। अन्य आरोपी भागने लगे। भागते समय एक नाले में गिरकर घायल हो गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को दबोच लिया, जबकि दो बदमाश मौके से फरार हो गए।

विज्ञापन
विज्ञापन

एसपी सिटी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी साहिब खान उर्फ साहिबू निवासी ग्राम निलोहा थाना मवाना मेरठ और दूसरा बदमाश फलावदा (मेरठ) के मोहल्ला दरबार निवासी मुजम्मिल है। मुजम्मिल पुलिस की गोली लगने से घायल हुआ है, जबकि साहिब खान नाले में गिरकर घायल हो गया। दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिन्हें कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। एसपी सिटी ने बताया कि मौके से फरार हुए बदमाश मोहसिन निवासी कुल्हेड़ी थाना चरथावल और बाबर निवासी मोहल्ला शेखजादगान तीतरो निवासी है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से बाइक, पिस्टल, तमंचा एवं मोबाइल फोन बरामद किया है। 

गुरुवार को हुआ 25 हजार का इनाम 
चिकित्सक से रंगदारी मांगने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज देखी थी। उसमें बदमाशों के चेहरे साफ नजर आए थे, जिसके बाद चारों आरोपियों को वांछित घोषित करते हुए बृहस्पतिवार को ही इन पर 25-25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। 

कुख्यात सादर का भाई है फरार बाबर 
एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि फरार दो आरोपियों में बाबर निवासी शेखजादगान तीतरो उदयपुर जेल में बंद सादर तीतरो का भाई है। सादर के जेल जाने के बाद बाबर ही उसके गैंग को चला रहा है। एसपी सिटी ने बताया कि सादर और मुकीम काला गैंग ने एक साल पहले भी तीतरो के ही एक सराफ से रंगदारी मांगी थी। जबकि गिरफ्तार हुआ साहिब वर्ष 2017 में खतौली में पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया था। बाद में वह जमानत पर जेल से बाहर आ गया था।

नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।

शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें


https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें