सरधना से भाजपा विधायक ठाकुर संगीत सिंह सोम को पत्र भेजकर धमकी दी गई है। उर्दू में लिखा यह पत्र बुधवार सुबह उनके आवास पर डाक से भेजा गया। आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के नाम से भेजे गए इस पत्र में विधायक को जान से मारने की धमकी देने के साथ 28 सितंबर के बाद हिंदुओं पर हमले की भी बात कही गई है।
विधायक ने इस संबंध में इंटेलीजेंस ब्यूरो (आईबी) को फैक्स से पत्र भेजते हुए आईजी जोन आलोक शर्मा को भी जानकारी दी है। कहा है कि इसकी गंभीरता से जांच कराते हुए पत्र भेजने वाले की गिरफ्तारी कराई जाए।
विधायक संगीत सोम के अनुसार बुधवार सुबह पोस्टमैन ने उनके आवास पर चिट्ठी डाली थी। उस समय वह लावड़ गए हुए थे। उनके पीए ने पत्र खोला तो देखा कि यह उर्दू में लिखा गया है। पीए ने पत्र को एक मौलवी से पढ़वाया। मौलवी ने बताया कि पत्र आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के नाम से भेजा गया है। इसमें हिंदुओं पर 28 सितंबर से हमले करने की धमकी दी गई है। विधायक ने बताया कि पत्र के माध्यम से आतंकी संगठन ने मुझे भी जान से मारने की धमकी दी है।
आईजी को सौंपा पत्र
इस पत्र को लेकर विधायक संगीत सोम आईजी जोन आलोक शर्मा से मिलने पहुंचे। उन्होंने आईजी को पत्र सौंपते हुए इसकी गंभीरता से जांच कराने की मांग की। विधायक ने आईजी से मांग की कि जिसने भी ये पत्र भेजा है, उसकी जांच कराकर उसे जेल भेजा जाए।
आईबी को भेजा फैक्स
विधायक सोम ने बताया कि पत्र के संबंध में उनके पास इंटेलीजेंस ब्यूरो के अफसरों का फोन आया था। उन्होंने पत्र के संबंध में जानकारी ली। उनके मांगने पर मैंने उन्हें पत्र को फैक्स कर दिया है।
कैंप ऑफिस में घुसा था संदिग्ध
सोमवार रात ही गार्ड को रोकने के बावजूद विधायक के सरधना स्थित कैंप कार्यालय में एक संदिग्ध युवक ने घुसने की कोशिश की थी। उस वक्त विधायक वहां नहीं थे। चेकिंग के दौरान युवक की जेब से कारतूस का खोखा मिला था। थाना पुलिस ने इस संदिग्ध युवक का शांति भंग में चालान किया था। मंगलवार सुबह उसे एसडीएम कोर्ट से उसे जमानत मिल गई थी।