परतापुर थाने के पास शनिवार शाम एक युवक ने छात्रा का हाथ पकड़ लिया। उसके साथ अश्लील हरकत की। छात्रा के विरोध करने पर आरोपी ने उसे थप्पड़ जड़ दिए। मौके पर पहुंचे परिजनों ने आरोपी को पकड़ लिया। उसकी जमकर धुनाई की। युवक ने पुलिस के सामने ही छात्रा को उठाने की धमकी दी।
परतापुर थाना क्षेत्र के इंदिरापुरम कॉलोनी निवासी छात्रा 12वीं में पढ़ रही है। शनिवार शाम वह ट्यूशन पढ़कर घर लौट रही थी। परतापुर थाने के पास एक युवक ने उसे रोक लिया। आरोप है कि उसने मोबाइल नंबर मांगा। छात्रा विरोध करने लगी तो युवक ने उसका हाथ पकड़ लिया और खींचतान शुरू कर दी।
अचानक छात्रा के परिजन मौके पर पहुंच गए। आसपास के लोग भी एकत्र हो गए। परिजनों ने युवक की पिटाई कर दी। इससे हंगामा हो गया। सूचना पर दरोगा और सिपाही मौके पर पहुंचे, लेकिन वे तमाशबीन बने रहे। परिजन मनचले को पीटते रहे और वह उन्हें भुगतने की धमकी देता रहा। किसी तरह आरोपी फरार हो गया। छात्रा के परिजनों ने थाने में तहरीर दी है।