लिसाड़ी गेट की न्यू शानदार कॉलोनी में एक युवक ने रविवार रात पत्नी की रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार हत्यारोपी ने महज शक होने पर ही घटना को अंजाम दिया था, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
इंस्पेक्टर लिसाड़ी गेट मो. असलम के अनुसार सुबह सूचना मिली कि न्यू शानदार कॉलोनी में जावेद नाम के युवक ने अपनी पत्नी रिजवाना को मार डाला है। जावेद अपने मकान के बाहर बैठकर चिल्ला-चिल्लाकर लोगों को खुद इसकी जानकारी दे रहा है। पुलिस मौके पर पहुंची तो रिजवाना का शव चारपाई पर पड़ा था। उसके गले पर रस्सी के निशान थे। संभवत: रस्सी से गला दबाकर उसकी हत्या की गई थी। मृतका रिजवाना के परिजनों को घटना की सूचना देते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
शादी के बाद से करता था शक
इंस्पेक्टर ने बताया कि भाटवाड़ा कोतवाली निवासी अब्दुल वहाब ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके साले की लड़की रिजवाना की शादी करीब 15 साल पहले जावेद से हुई थी। जावेद शादी के बाद से ही रिजवाना पर शक करता था। इसी वजह से उसने रिजवाना की जान ले ली। वहीं, रिजवाना के परिजनों का आरोप है कि हत्या से पहले रिजवाना की पिटाई की गई। उसके बाद उसे नींद की गोली खिलाकर रस्सी से गला घोंटा गया। आशंका है कि वारदात को जावेद अकेला नहीं कर सकता। हत्या में और भी लोग हो सकते हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पूरी स्थिति स्पष्ट होगी। वहीं, हत्यारोपी जावेद का दावा है कि यदि वह पत्नी को नहीं मारता तो वह उसे मार देती। मैंने इसकी तहरीर भी पुलिस को दी थी। हालांकि इंस्पेक्टर ने तहरीर की जानकारी से इंकार किया है।
चार बच्चों का क्या होगा
रिजवाना के चार बच्चे आकिब (12) अली (10) रहमान (7) और रहमत (4) हैं। वारदात के बाद चारों बच्चे मां के शव से लिपटकर रो रहे थे। लोग एक-दूसरे से यही सवाल पूछ रहे थे कि मां मर गई, पिता जेल चला जाएगा तो इन बच्चों का क्या होगा।