मेरठ में आबूलेन पर हुई स्कोर्पियों लूट की जानकारी देते पीड़ित।
- फोटो : अमर उजाला
आबूलेन में मंगलवार देर रात खतौली शुगर मिल मैनेजर की स्कार्पियो गाड़ी बदमाशों ने लूट ली। बदमाश ड्राइवर को कैंट इलाके में फेंककर फरार हो गए। देर रात तक पुलिस गाड़ी की तलाश में चेकिंग करने में जुटी थी। खतौली निवासी जतिन खतौली शुगर मिल मैनेजर की स्कार्पियो पर ड्राइवर है। वह रात करीब 12 बजे स्कार्पियो लेकर आबूलेन पर आया था। इसी दौरान तीन बदमाशों ने उसेे गन पाइंट पर लेकर गाड़ी में बैठा लिया। बदमाशों ने गाड़ी में जतिन के साथ मारपीट की और मवाना रोड स्थित कैंट इलाके में फेंककर गाड़ी लेकर फरार हो गए। जतिन ने कंट्रोल रूम को सूचना दी। एएसपी कैंट सिद्धार्थ मीणा और लालकुर्ती पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित को लेकर आबूलेन पर आई। मामला सदर बाजार थानाक्षेत्र का था। मौके पर आए सदर बाजार इंस्पेक्टर गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि तीनों बदमाश लिफ्ट लेकर गाड़ी में बैठे और फिर कुछ दूर चलते ही जतिन को कब्जे में लिया। देर रात सदर बाजार थाने में रिपोर्ट दर्ज हुई।