जनरेटर फैक्ट्री मालिक से रंगदारी मांगने वाले पांच आरोपियों को नौचंदी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने कुख्यात अंकित गुर्जर का शूटर बताकर धमकी दी थी। इनमें दो आरोपी मेरठ कॉलेज के छात्र हैं।पुलिस के अनुसार गढ़ रोड स्थित सम्राट पैलेस बी-49 निवासी संदीप अग्रवाल को बीती 9 मई को फोन करते हुए रंगदारी मांगी गई थी। धमकी दी थी कि अगर पैसा नहीं दिया तो वह उनके बेटे को अगवा कर लेंगे।
व्यापारी ने नौचंदी थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। नौचंदी थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त जांच में आरोपियों का पता चला। जिस पर शनिवार को पुलिस ने नई सड़क शास्9ीनगर पर घेराबंदी कर भूपेंद्र सिंह पुत्र सुभाष सिंह निवासी हनुमान मंदिर वैशाली कॉलोनी नौचंदी, कन्हैया पुत्र सुकेंद्र शर्मा निवासी जयदेवीनगर गली नंबर 6 नौचंदी, संदीप पुत्र मुंशी सिंह निवासी जयदेवीनगर गली नंबर 4 नौचंदी, संजय पुत्र पवन सिंह निवासी वैशाली कॉलोनी नौचंदी और रोहित पुत्र कमल सिंह निवासी जागृति विहार सेक्टर-8 मेडिकल को गिरफ्तार कर लिया।
विवि कैंपस में बनाया प्लान
आरोपी भूपेंद्र सिंह मेरठ कॉलेज में बीए और रोहित बीआईटी कॉलेज में बीबीए का छात्र है। ये सभी आरोपी अक्सर चौधरी चरणसिंह विश्वविद्यालय में घूमने जाते थे। दो सप्ताह पहले भूपेंद्र ने पैसा कमाने की बात कही। जिस पर संजय बोला कि मेरे पड़ोस में एक व्यापारी है, जिस पर अच्छा पैसा है।
वह हाल में ओडी गाड़ी भी लाया है। संजय की जयदेवीनगर मंदिर में फूल बेचने की दुकान है। जहां पर व्यापारी अक्सर आता है। वहीं से उसने रैकी शुरू की। संजय ने उसका मोबाइल नंबर अपने साथियों को दिया। संदीप की मोबाइल सिम आउटलेट है। फर्जी आईडी से आरोपियों ने व्यापारी को पहले मेसेज भेजे और फिर कॉल करके रंगदारी मांगी।
कौन है अंकित गुर्जर
50 हजार का इनामी कुख्यात अंकित गुर्जर तीन सप्ताह पहले नोएडा से पुलिस कस्टडी से भागा है। आरोपियों से अंकित के बारे में पूछा गया। पुलिस का दावा है कि अंकित का नाम आरोपियों ने वैसे ही ले लिया था। अंकित और आरोपियों का आपस में कोई लेना-देना नहीं है। इससे पहले भी कुछ आरोपी कुख्यातों का नाम लेकर धमकी देते रहे है। इस खुलासे में डीआईजी ने नौचंदी पुलिस और क्राइम ब्रांच टीम को 12 हजार रुपये का इनाम दिया है।