मेरठ में जानी थाना क्षेत्र के कलंजरी गांव में रविवार दोपहर प्रेमी युगल के शव ईख के खेत में पड़े मिले। दोनों को गोली लगी हुई थी। युवक और युवती की मौत का पता चलते ही मौके पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। एसपी देहात कई थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। शव के पास से एक तमंचा और युवक की जेब से दो कारतूस भी मिले हैं। ग्रामीण जहां ऑनर किलिंग की आशंका जता रहे हैं, वहीं पुलिस अफसर आत्महत्या बता रहे हैं। ग्राम प्रधान ने मामले में तहरीर दी है।
कलंजरी निवासी संदीप (25) पुत्र श्रीपाल कश्यप की गांव केे बाहर तालाब के किनारे पर चक्की है। संदीप का गांव के ही धनपाल जाटव की बेटी ललिता (20) से पिछले काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। परिजन इसके खिलाफ थे। दोनों अलग-अलग जाति के थे। रविवार को संदीप का भांजा अनुज उसका खाना लेकर चक्की पर गया था, लेकिन वह वहां नहीं मिला। अनुज के अनुसार इस दौरान ललिता का पिता धनपाल भी वहां पहुंच गया। उसने बताया कि संदीप और ललिता के खून से लथपथ शव पास में चरण सिंह की ईख के खेत में पड़े हैं। संदीप की मौत का पता चलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर यूपी 100 और इंस्पेक्टर जानी अखिलेश कुमार पहुंच गए। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुटी तो एसपी देहात श्रवण कुमार सिंह, सीओ सरधना सीपी सिंह, सरधना, रोहटा और सरूरपुर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया।
एसपी देहात एसके सिंह के मुताबिक, घटनास्थल पर खून बिखरा हुआ था। दोनों शव आसपास पडे़ हुए थे। ललिता के शव एक दरी पर पड़ा हुआ था। सिर के बराबर में एक 315 बोर का एक तमंचा पड़ा था। पास ही एक मोबाइल भी पडा हुआ था। युवती के बायी तरफ कान के नीचे गोली मारी गई थी। संदीप के सीधी तरफ कनपटी पर गोली लगी थी। फोरेंसिक टीम ने मौके से सबूत एकत्र किये। वही डॉग स्कावड ने भ जांच की। डॉग ईख के खेत के आसपास धूमता और गाड़ी में बैठ गया। एसपी देहात ने भी मौके पर पहुंच की जांच के साथ दोनों के परिजनों से बात भी की। घटना की तहरीर किसी भी पक्ष द्वारा नहीं दिये जाने पर पुलिस ने ग्राम प्रधान से खेत में शव मिलने की तहरीर लेकर रिपोर्ट दर्ज कर ली।