नगर पालिका बोर्ड की बैठक में चेयरपर्सन की मौजूदगी में स्वकर प्रणाली के विरोध में दो सभासदों के बीच हाथापाई हो गई। इतना ही नहीं सभासदों के बीच गालीगलौज भी हुई, जिसको लेकर बैठक में हंगामा खड़ा हो गया और पालिका में अफरातफरी मच गई। करीब 22 सभासदों ने स्वकर प्रणाली लागू करने का विरोध जताया है। इनमें से कुछ सभासदों ने ईओ को लिखित में विरोध जताने के पत्र भी सौंपे। सभासदों ने 6 प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित कर दिए। बोर्ड की बैठक मात्र पांच मिनट भी नहीं चल सकी। मामला यूपी के मुजफ्फरनगर जनपद का है।
नगर पालिका परिषद के सभागार में गुरुवार को बोर्ड की बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता चेयरपर्सन बिलकिस ने की। बैठक में ईओ अनूप राय ने एजेंडा पढ़कर सुनाया। एजेंडा में पहले प्रस्ताव में गत बोर्ड की बैठक के कार्यवृत्त की पुष्टि पर कुछ सभासदों ने खड़े होकर विरोध जताना प्रारंभ कर दिया। इन सभासदों का कहना था कि वे स्वकर प्रणाली को लागू करने का विरोध करते हैं, जिसको लेकर बीच में सभासद अनवर कुरैशी बोले कि बोर्ड की बैठक में राजनीति नहीं होनी चाहिए, जिसको विरोध जताना है, वह ईओ को लिखकर दे सकते हैं। इसी बात को लेकर सभासद अनवर कुरैशी और सभासद अजय भुर्जी के बीच कहासुनी हो गई। कहासुनी के बाद देखते ही देखते दोनों सभासदों में हाथापाई हो गई। इस पर बोर्ड की बैठक में हंगामा खड़ा हो गया। हंगामा होने पर पालिका में अफरातफरी का माहौल हो गया।