मुन्ना बजरंगी हत्याकांड की जांच के लिए पहुंची सीबीआई टीम
- फोटो : अमर उजाला
हाईकोर्ट के आदेश के बाद सीबीआई ने मुन्ना बजरंगी हत्याकांड की जांच संभाल ली। सीबीआई टीम आज सोमवार को जांच के लिए बागपत पहुंच गई है। टीम ने जिला कारागार में पहुंचकर घटनास्थल की जांच की है। वहीं एसपी प्रताप गोपेंद्र यादव ने बताया कि जेल अधिकारियों को इसकी जानकारी दे दी गई थी।
जिला कारागार में नौ जुलाई 2018 की सुबह पूर्वांचल के डॉन मुन्ना बजरंगी की हत्या कर दी गई थी। तत्कालीन जेलर यूपी सिंह ने कुख्यात सुनील राठी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने जांच की और सुनील राठी के खिलाफ ही चार्जशीट दाखिल की थी। प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन हैं। मुन्ना बजरंगी की पत्नी सीमा सिंह ने हाईकोर्ट में रिट दाखिल कर सीबीआई जांच की मांग की थी। फरवरी में ही हाईकोर्ट ने सीबीआई से जांच कराने के आदेश दिए थे।
यह भी पढ़ें: मुन्नाबजरंगी हत्याकांड: जांच में हुआ था ये बड़ा खुलासा, जेलर उदय के कंट्रोल से बाहर हो गई थी जेल
अब सीबीआई को देने होंगे सवालों के जवाब
वारदात को लेकर कई सवाल ऐसे हैं, जिनके जवाब अभी आने बाकी हैं। वारदात में एक पिस्टल का प्रयोग किया गया या दो पिस्टल थीं। हत्या में अकेला सुनील राठी शामिल था या उसके साथी भी थे। जिला कारागार से हत्या के बाद सोशल मीडिया पर फोटो किसने वायरल किए थे। हत्या के बाद कौन लगातार फोटो खींच रहा था। जिला कारागार में पिस्टल कैसे पहुंची थी। सीबीआई अपनी जांच में ऐसे ही सवालों से दो चार होगी। जो पिस्टल बरामद हुई क्या गोली उसी से चली थी।
फिर उछलेगी बैलेस्टिक जांच
जिला जेल से बरामद पिस्टल की बैलेस्टिक जांच आगरा प्रयोगशाला में कराई। जांच में सामने आया था कि जो पिस्टल जांच को भेजा है, उससे गोली ही नहीं चली। पुलिस ने रिपोर्ट वापस भेज दी। पिस्टल की जांच दोबारा लखनऊ प्रयोगशाला में कराने की बात कही गई थी, लेकिन इसके बाद अधिकारी प्रकरण से बचते रहे।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/