मेरठ में एनएच-58 स्थित योगीपुरम पुलिस चौकी के पास शनिवार दिनदहाडे़ युवक की ऐलान के बाद गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई। मामला दो अप्रैल की हिंसा के बाद दलित युवक की हत्या से जुड़ा है। मरने वाला युवक इस दलित युवक की हत्या में हाल ही में जेल से छूटा था।
आरोप है कि दलित युवक के भाई व गवाहों ने मिलकर हत्या का बदला लिया। वारदात के विरोध में पीड़ित पक्ष और ग्रामीणों ने करीब छह घंटे तक शव नहीं उठने दिया।
मामला कंकरखेड़ा थानाक्षेत्र के शोभापुर गांव का है। पुलिस के अनुसार राणा फार्म हाउस के मालिक महकार सिंह का बेटा आशीष गुर्जर (23) अपने दोस्तों प्रिंस, अंशुल, दीपक समेत पांच युवकों के साथ योगीपुरम पुलिस चौकी के पास अपने खेत पर गया था। चौकी के पास आर्मी का फार्म है, जहां आशीष दोस्तों के साथ बैठा हुआ था। आरोप कि शोभापुर गांव के ही प्रशांत उर्फ नीशू, विजय उर्फ भांडू, गिज्जू उर्फ मनीष, रोहित, रवि, अमित सहित आठ लोग तीन मोटरसाइकिलों पर दोपहर करीब 12:30 बजे फार्म हाउस पर पहुंचे। आरोपियों ने आशीष गुर्जर को निशाना बनाते गोलियां बरसा दीं। जिसमें आशीष को आठ गोलियां लगीं।