मवाना के भैंसा ग्राम में हत्या के बाद विलाप करते परिजन
- फोटो : अमर उजाला
मवाना-भैंसा मार्ग स्थित खेत में मंगलवार देर रात सिंचाई कर रहे युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश बताई है। पुलिस का कहना है कि पूर्व में हुई हत्या के बदले इस वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस के अनुसार मवाना थानाक्षेत्र के भैंसा गांव निवासी अब्बास अपने बेटे सरफराज उर्फ छोटू (25) व शाहनवाज के साथ मंगलवार देर रात करीब 11:30 बजे खेत में सिंचाई करने जा रहे थे। तभी चार बदमाश वहां पहुंचे और परिवार पर गोलियां बरसा दीं। जिसमें सरफराज को तीन गोलियां लगीं। चीख पुकार सुनकर गांव के लोग जंगल की तरफ दौड़े।जहां पर सरफराज का शव खून से लथपथ पड़ा मिला।
ग्रामीणों ने बदमाशों की तलाश में खेतों में कांबिंग की। लेकिन हत्यारों का सुराग नहीं लगा। हत्या के विरोध में ग्रामीणों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। सूचना पर एसपी देहात डॉ. प्रवीन रंजन, सीओ मवाना, इंस्पेक्टर मवाना और बहसूमा एसओ समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची।
हंगामे के बाद उठा शव
पुलिस ने शव का पंचनामा भरना शुरू किया तो ग्रामीण भड़क उठे। ग्रामीणों ने दो घंटे तक खेत से शव नहीं उठने दिया। ग्रामीणों की मांग थी कि हत्यारोपियों को पुलिस तत्काल गिरफ्तार करे। पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझा बुझाकर शांत किया। तब जाकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
यह हत्या के बदले हत्या : एसपी
एसपी देहात के अनुसार भैंसा गांव में करीब साढ़े तीन साल पहले अनीस नामक युवक की हत्या हुई थी। जिसमें अब्बास व उसका बेटा अफसर जेल गए थे। अब्बास कुछ दिन पहले जेल से छूटा है। दोनों पक्षों में समझौता की बात चल रही थी। लेकिन किसी कारण से अफसर जेल से नहीं छूटा। एसपी के अनुसार इसी विवाद के चलते अनीस पक्ष के खिलाफ सरफराज की हत्या की तहरीर दी गई है। मामले की जांच की जा रही है। केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।