मुजफ्फरनगर में आर्यपुरी के निकट बाइक सवार दो बदमाशों ने व्यापारी को गोली मारकर हजारों की नकदी, सोने की चेन, अंगूठी व पर्स लूट लिया। घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
शहर के मोहल्ला प्रेमपुरी निवासी सुनील गर्ग ने तहरीर देकर बताया कि उसका भतीजा नितिन गर्ग साउथ सिविल लाइन में रहता है, जिसकी एसडी मार्केट में कपड़े की दुकान है। सोमवार देर रात करीब 11.40 बजे नितिन दुकान बढ़ाकर घर लौट रहा था। जैसे ही वह आर्यपुरी के निकट पहुंचा, पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने उसे रोक लिया। बाइक रुकते ही आरोपियों ने नितिन पर तमंचे तान दिए और गोली मारने की धमकी देते हुए उससे दुकानदारी के 20 हजार रुपये, सोने की चेन-अंगूठी व पर्स लूट लिया। इस दौरान नितिन बदमाशों से भिड़ गया, जिस पर बदमाशों ने उस पर गोली चला दी जो उसके पैर में लगी।
इसके बाद बदमाश तमंचे लहराते हुए फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने सुनील गर्ग की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करते हुए बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। इसके लिए पुलिस घटनास्थल और आसपास क्षेत्र के प्रतिष्ठानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
नोट- इन खबरों के बारे अपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/