हापुड़ रोड स्थित लोहिया नगर कॉलोनी में रविवार रात पुलिस फोर्स के साथ छापा मारने पहुंचे सीओ किठौर पर शराब माफिया के गुर्गों ने गोलियां बरसा दीं। दर्जनभर लोगों को फायरिंग करते हुए अपनी तरफ बढ़ते देख पुलिस को पीछे हटना पड़ गया। इसका फायदा उठाकर आरोपी फरार हो गए। वहीं, कंट्रोल रूप पर यह सूचना फ्लैश हुई तो एसपी देहात कई थानों की फोर्स और पीएसी के साथ मौके पर पहुंच गए। आरोपियों की धरपकड़ के लिए देररात तक पुलिस कांबिंग करती रही।
खरखौदा थाना क्षेत्र के घोसीपुर निवासी शहजाद उर्फ पासा शराब माफिया है। वह हापुड़ रोड स्थित लोहियानगर कॉलोनी में अवैध तरीके से शराब गोदाम चलाकर जिले में शराब की सप्लाई करता है। तीन दिन पहले खरखौदा पुलिस ने पांच हजार के इनामी शहजाद पासा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। रविवार को सीओ किठौर बीएस वीर कुमार को सूचना मिली कि लोहियानगर में कई मकानों में शहजाद ने अवैध शराब के गोदाम बना रखे हैं, जहां बाहर से शराब लाकर बेची जाती है।
इस पर रात में सीओ किठौर ने एसओ मेडिकल रविंद्र वशिष्ठ, बिजली बंबा चौकी इंचार्ज करतार सिंह और पुलिस फोर्स के साथ लोहियानगर में शहजाद के गोदाम पर छापा मारा। वहां पाया कि ट्रक से शराब उतारकर गोदाम में रखी जा रही थी। फोर्स ने गोदाम के अंदर घुसने की कोशिश की तो वहां मौजूद लोगों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस पर पुलिस ने पीछे हटते हुए जवाबी फायरिंग शुरू कर दी। इस बीच, फायरिंग करते हुए शराब माफिया मौके से फरार हो गए।
गनीमत रही कि आरोपियों द्वारा की गई फायरिंग में कोई पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ। पुलिस पर फायरिंग की सूचना मिलते ही एसपी देहात प्रवीण रंजन ने एसओ मुंडाली, नौचंदी पुलिस के अलावा कई थानों की पुलिस और पीएसी भी बुला ली। रात में पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लेते हुए एक ट्रक अवैध शराब, दो ट्रैक्टर, दो स्विफ्ट कार को कब्जे में ले लिया। इसके अलावा दो अन्य गोदामों से भी भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की गई।