कस्बे की शकुंतला कॉलोनी के पास शुक्रवार को महिला का कंकाल मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की। जिसके बाद कंकाल की शिनाख्त एक माह पूर्व लापता हुई शकुंतला कॉलोनी निवासी आशालता के रूप मेें हुई।
इंस्पेक्टर हस्तिनापुर महेंद्र सिंह गौतम के अनुसार, शकुंतला कॉलोनी के कुछ युवक जंगल से सटे खेतों में क्रिकेट खेल रहे थे। इस दौरान उनकी गेंद जंगल में चली गई। वे गेंद लेने जंगल पहुंचे तो वहां एक कंकाल मिला। जिसके बाद युवकों ने कॉलोनी के लोगों को जानकारी दी। सूचना पर यूपी 100 की गाड़ी और हस्तिानपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कॉलोनी के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने एक माह पहले लापता हुई महिला की बेटी से कंकाल की शिनाख्त कराई तो पास पडे़ कपडे़ और मोबाइल से उसकी पहचान 45 वर्षीय आशालता के रूप में हुई। पुलिस ने कंकाल को कब्जे में कर पीएम के लिए भेज दिया। महिला मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का पालन पोषण करती थी। एक साल पहले महिला के पति की मौत हो गई थी। पुलिस का कहना है कि जांच में पता चला है कि महिला के रामराज निवासी एक व्यक्ति से संबंध थे। महिला ने हत्या से पूर्व उसे जंगल में बुलाया था। जिसके बाद किसी बात को लेकर उनकी कहासुनी हो गई और उसने महिला की हत्या कर दी। आरोपी मोबाइल से सिम निकाल कर ले गया था।
दुष्कर्म के बाद तो नहीं की गई हत्या
कंकाल के दोनों पैरों को उसी के कपड़ों से बांध रखा था। पुलिस का कहना है कि हो सकता है कि हत्यारोपी ने महिला के साथ दुष्कर्म करने के बाद हत्या की हो। पास में एक धारदार दांव और देशी शराब के छोटी बोतल भी मिली है। एक माह पूर्व महिला के परिजनों ने थाने में एनसीआर दर्ज कराई थी कि महिला रामराज निवासी व्यक्ति के साथ गई थी। उससे पूछताछ की गई तो उसने इस बात से इनकार कर दिया। इंस्पेक्टर हस्तिनापुर का कहना है कि पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।