सरधना थाना क्षेत्र के गांव खिर्वा जलालपुर में बृहस्पतिवार को हुए बवाल के बाद जिलाधिकारी को गांव के शस्त्र लाइसेंस की सूची प्राप्त हो गई है। इसके अनुसार गांव में 35 शस्त्र लाइसेंस धारक हैं। अब इन पर जांच रिपोर्ट के बाद कार्रवाई तय होगी।
खिर्वा जलालपुर में बृहस्पतिवार को चुनावी रंजिश के चलते शिया और सुन्नी पक्षों में जमकर फायरिंग, पथराव और आगजनी हुई थी। इसमें एक व्यक्ति की जहां मौत हो गयी थी, वहीं 18 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। इस दौरान गांव पहुंचे डीएम पंकज यादव ने बवाल में शामिल शस्त्र लाइसेंस धारकों के लाइसेंस निरस्त करने की बात कही थी। इस पर थानाध्यक्ष सरधना ने खिर्वा जलालपुर के सभी शस्त्र लाइसेंस धारकों की सूची डीएम कार्यालय को भेज दी है। इसके अनुसार खिर्वा में कुल 35 शस्त्र लाइसेंस धारक हैं। हालांकि, अभी सभी शस्त्र धारकों की रिपोर्ट थाने से नहीं आई है। ऐसे में इन सभी की उस वक्त कहां और किस स्थिति में मौजूदगी थी और कितने लोग इस बवाल में शामिल थे, उसी आधार पर कार्रवाई तय होगी।