मसूरी गांव में कच्छा बनियानधारी गैंग ने शनिवार आधी रात डकैती को अंजाम दे डाला। छत के रास्ते कूदे बदमाशों ने परिजनों को गन प्वाइंट पर लेते हुए बंधक बना लिया। बदमाश ज्वैलरी और नगदी लूटकर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची इंचौली पुलिस ने मामले की जानकारी ली। बता दें कि पुलिस अफसरों ने शनिवार को ही अंतर्राज्यीय कच्छा बनियान गैंग का भंडाफोड़ कर चार बदमाश गिरफ्तार किए थे।
इंचौली थाना क्षेत्र के मसूरी गांव में तिराहे पर स्थित घर में नूर मोहम्मद पुत्र फहीमुद्दीन परिवार के साथ रहता है। नूर की घर के आगे ही वेल्डिंग की दुकान है। उसने बताया कि शनिवार रात करीब दस बजे घर के सभी सदस्य सो गए थे।
रात करीब एक बजे करीब आधा दर्जन बदमाश घर के बराबर में खाली पड़े प्लाट से होकर जीने के रास्ते से घर में घुस आए। बदमाशों ने बाहरी कमरे में सो रहे छोटे पुत्र दानिश (20) और दूसरे कमरे में नदीम को गन प्वाइंट पर बंधक बनाकर सेफ में रखी ज्वैलरी व कुछ नगदी निकाल ली।
उसके बाद बदमाशों ने आंगन में सो रही नूर की मां कदीरन, पत्नी सायरा बेगम, पुत्री शमा और सबीना को कब्जे में ले लिया। हथियारों के बल पर उनके कान, नाक से कुंडल व नथली उतरवा ली। परिजनों के अनुसार बदमाश करीब 40 हजार रुपये और दो लाख रुपये के जेवर लूटकर जिस रास्ते से आए थे, उसी रास्ते से फरार हो गए।
चार थे कच्छे बनियान में
परिजनों के अनुसार बदमाश करीब 50 मिनट तक लूटपाट करते रहे। शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी देते रहे। सभी बदमाश नंगे पैर थे। इनमें कुछ ने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था तो चार बदमाशों ने केवल कच्छा बनियान ही पहन रखे थे। लूटपाट को जल्दी अंजाम देने के लिए सभी एक-दूसरे से गाली देकर बात कर रहे थे।
‘बुआ चुप हो जा’
नूर मोहम्मद ने बताया कि उसकी मां कदीरन को गांव वाले बुआ कहते हैं। बदमाश जब आंगन में पहुंचे थे तो मां ने शोर मचा दिया था। जिस पर एक बदमाश ने चिल्लाते हुए कहा था कि ‘अरी बुआ चुप हो जा शोर मत मचा’। पीड़ित की मानें तो डकैती की इस वारदात में गांव का कोई न कोई युवक शामिल है।
कंट्रोल रूम से नहीं मिली मदद
बदमाशों के जाने के बाद पीड़ितों ने शोर मचाया तो आसपास के ग्रामीण इकट्ठा हो गए। नूर मोहम्मद के अनुसार कंट्रोल रूम पर दस से ज्यादा कॉल की गई, लेकिन रिसीव नहीं की गई। जिसके बाद ग्रामीणों ने सीधे इंचौली थाने जाकर घटना की सूचना दी। तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज किया है।