सदर थाना क्षेत्र रामू गेट स्टार पेपर मील से एक मामला सामने आया है। पिछले आठ दिनों से मंशाराम का एक अस्पताल में इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान रविवार को उसका देहांत हो गया। यह मामला सहारनपुर जिले के दो समुदाय से जुड़ा हुआ है।
करीब आठ दिन पहले मकर संक्रांति के त्यौहार पर एक दलित व्यक्ति मंदिर में पानी भरने गया था जिसे उच्च समुदाय के लोगों ने मंदिर में पानी भरने से मना कर दिया। उनका कहना था कि आज मंदिर के अंदर सफाई की गई है तो यहां से पानी मत भरो, लेकिन इसी बात को लेकर दोनों समुदाय के लोगों में कहासुनी हो गई। मगर मामला यहीं नहीं रुका इसके बाद उच्च समुदाय के लोगों ने दलित युवक की जमकर पिटाई कर दी। युवक को नीचे गिराकर लात-घूंसे से पीटा और अधमरा कर दिया। इसके बाद पीड़ित युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां जांच में सामने आया कि युवक की रीढ़ की हड्डी और गले की हड्डी में फ्रैक्चर आया। इसके अलावा पैर में भी फ्रैक्चर आया था।
इस मामले में जब पुलिस को सूचना दी गई तो पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ितों की शिकायत सुनी। पीड़ित परिजनों का कहना है कि लंबे समय से हम मंदिर में लगे हैडपंप से पानी भरते आ रहे हैं। पहले की तरह उस दिन भी मंदिर में पानी भरने गए थे, लेकिन पता नहीं उस दिन क्या हुआ कि तीन-चार ने एक-साथ मिलकर उन्हें बुरी तरह से पीटा और अधमरा कर दिया। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर कार्रवाई शुरु कर दी है और एक आरोपी संजीव को गिरफ्तार भी कर लिया है। अभी बाकी आरोपियों की तलाश जारी है जिन्हें ढूढ़ने में पुलिस जुटी हुई है।