दोहरे हत्याकांड की पैरवी कर रहे एक व्यक्ति का शव दोपहर पेड़ पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मामला हत्या और आत्महत्या के बीच फंसा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की जांच की जाएगी।
पुलिस के अनुसार पल्लवपुरम थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव धंजू निवासी सोहनवीर (50) पत्नी रोशनी, बेटे मोनित, सतेंद्र के साथ गांव निवासी चंदन फौजी के खेत पर शनिवार को गेहूं की कटाई करने गया था। दोपहर को उसकी पत्नी और बेटे घर आ गए थे जबकि सोहनवीर गेहूं की पूली बांधने के लिए रुक गया था। इस बीच परिजनों को सोहनवीर का शव पेड़ पर लटका होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे परिजनों में शव देखकर कोहराम मच गया। पुलिस को शव उतारने के लिए भी करीब दो घंटे का इंतजार करना पड़ा। फोरेंसिक जांच टीम के आने के बाद ही शव को उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
सोहनवीर के बेटे सोनू और मोनित ने पुलिस को बताया कि विगत 27 जनवरी को पूर्व जिला पंचायत सदस्य पूनम चौधरी के बेटे प्रशांत उर्फ पीनू की टाइल्स फैक्टरी में सोहनवीर के चचेरे भाई अजय और उसके रिश्तेदार अशोक की मोटर चोरी के शक में हत्या कर दी गई थी। जिसके आरोपी प्रशांत उर्फ पीनू, अमित चौहान, प्रताप और अजब सिंह जेल में हैं। सोहनवीर इस दोहरे हत्याकांड की पैरवी कर रहा था। दूसरा पक्ष समझौता के लिए दबाव बना रहा था। अंजाम भुगत लेने की भी धमकी दी जा रही थी। आरोप है कि दोहरे हत्याकांड की पैरवी करने पर सोहनवीर की हत्या की गई है।
चोट का निशान मिला
पुलिस की जांच के दौरान सोहनवीर के गले में लुंगी का फंदा लगा था। सोहनवीर की ठोड़ी पर चोट का निशान था। उसके पैर जमीन पर लटके हुए थे। सवाल उठता है कि अगर उसने आत्महत्या की तो फिर उसके पैर जमीन पर क्यों लटके हुए थे। सुसाइड नोट भी नहीं मिला।
रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई
मामला प्रथम दृष्टया आत्महत्या का लग रहा है। हालांकि तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी। परिजनों के आरोपों की जांच की जा रही है। - जेएस चौहान, इंस्पेक्टर पल्लवपुरम