दो करोड़ की हेरोइन के साथ पकड़ा गया सप्लायर
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस ने दो करोड़ रुपये कीमत की हेरोइन (ड्रग्स) के साथ बृहस्पतिवार शाम सौदागर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी से पूछताछ चल रही है कि इतनी हेरोइन वह कहां पर खपाते हैं, और कौन-कौन लोग इसे खरीदते हैं।
पुलिस के अनुसार किठौर थानाक्षेत्र का खंदरावली निवासी इजराइल पुत्र अब्दुल कय्यूम बृहस्पतिवार शाम यह हेरोइन रछौती गांव सप्लाई करने गया था। सौदा नहीं बना तो इजराइल वापस लेकर लौट रहा था। तभी मुखबिर की सूचना पर किठौर पुलिस ने रछौती गांव के मोड़ पर घेराबंदी कर इजराइल को दबोच लिया। तलाशी में आरोपी से दो किलो हेरोइन बरामद हुई। जिसकी कीमत बाजार में दो करोड़ रुपये बताई गई। सूचना पर सीओ किठौर बीएस वीर कुमार और इंस्पेक्टर किठौर एमपी सिंह भी मौके पर पहुंचे। पुलिस आरोपी को थाने ले आई। सीओ किठौर ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस को कामयाबी मिली है।
सफेद रंग की जिप्सी पकड़ो
पुलिस के मुताबिक किठौर थाने में तैनात दरोगा करतार सिंह ने एसएसआई ओमवीर गुप्ता को फोन पर सूचना दी कि रछौती से एक सफेद रंग की जिप्सी आ रही है। उसको पकड़ लो। उसमें दो किलो हेरोइन है। एसएसआई गश्त पर थे। उन्होंने तत्काल दरोगा तिलकचंद और एचसीपी श्यामवीर सिंह को रछौती मोड़ बुलाया। चेकिंग शुरू कर दी। रछौती से आती सफेद रंग की जिप्सी को उन्होंने पकड़ लिया। चालक ने थैले में बिरयानी बताई। लेकिन पुलिस ने चेकिंग की तो उसमें हेरोइन निकली।
फोरेंसिक टीम से कराई जांच
एसपी देहात डॉ. प्रवीन रंजन ने बताया कि किठौर थाने पहुंचे फोरेंसिक एक्सपर्ट ने जांच के बाद इस ड्रग्स के हेरोइन होने की पुष्टि की। इसकी बाजारी कीमत करीब दो करोड़ रुपये बतायी।
स्कूलों के बाहर छात्रों को बेचते हेरोइन
इस तरह की ड्रग्स स्कूलों के बाहर छात्र-छात्राओं को पुड़िया में बेची जाती है। इसका प्रयोग छात्र-छात्राएं पूल पार्टी में भी करते हैं। इसका खुलासा शास्त्रीनगर के चर्चित ड्रग्स स्कैंडल की पीड़ित छात्रा ने किया था। यह मामला बहुचर्चित रहा था। उसके बाद तत्कालीन डीआईजी आशुतोष कुमार ने ड्रग्स पकड़ने के लिए टीम बनाई थी। जिसने जानी इलाके से शिक्षा विभाग के एक क्लर्क से एक करोड़ रुपये कीमत की ड्रग्स पकड़ी थी।