सेंट्रल मार्केट में किराना व्यापारी मोहित मदान की डकैती की विरोध में हत्या का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा कि रविवार दिनदहाड़े करीब 12:20 बजे चार बदमाशों ने शास्त्रीनगर सेक्टर पांच में ज्वेलरी शॉप लूट ली। यह दुकान घर के बाहरी हिस्से में भाजपा नेता और सराफा कारोबारी देवेंद्र वर्मा की देवम ज्वैलर्स के नाम से है। करीब ढाई सौ ग्राम और नकदी लूटने के बाद बदमाशों ने सराफ से तिजोरी खुलवा ली। इस दौरान सराफ ने साहस दिखाकर सेफ्टी अलार्म बजा दिया। अलार्म सुनकर घर से निकले देवेंद्र के पुत्र अमित वर्मा (इलाहाबाद बैंक मुरादनगर शाखा में अधिकारी) बदमाशों से भिड़ गए। एक बदमाश ने उन्हें गोली मार दी। गोली अमित के जबड़े को चीरती हुई गर्दन में पीछे की तरफ घुस गई। अमित को लोकप्रिय अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के विरोध में व्यापारी सड़क पर उतर आए। एसएसपी नितिन तिवारी ने घटना के जल्द खुलासे का आश्वासन दिया है।