लालकुर्ती के घोसी मोहल्ले में मंगलवार रात छेड़छाड़ को लेकर हुए विवाद में आरोपी युवक ने दर्जनों युवकों के साथ युवती के घर हमला बोल दिया। उसके बाद धार्मिक स्थल के बाहर युवती के परिजनों को दौड़ाकर पीटा। इस दौरान हवाई फायरिंग भी की गई। हमले में सात लोग घायल हो गए। घटना के बाद कई थानों की फोर्स और पीएसी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को काबू में किया।
घोसी मोहल्ला निवासी राजा पुत्र इलियास आये दिन युवती और महिलाओं से छेड़छाड़ करता है। आरोप है कि सोमवार शाम युवक ने मोहल्ले में ही एक युवती से छेड़छाड़ की थी। युवती ने घर पहुुंचकर अपने पिता से बताया तो युवती के पिता ने राजा के घर पहुंचकर परिजनों से शिकायत की।
मंगलवार रात युवती का भाई, पिता और अन्य परिजन नमाज अदा करने मस्जिद में गए थे। आरोप है कि राजा 15-20 युवकों के साथ लाठी डंडे और सरिये लेकर पहले तो युवती के घर पहुंचा और घर से बाहर निकलने के लिए कहा। जिसके चलते महिलाओं ने दरवाजा नहीं खोला तो आरोपी ने तोड़फोड़ की कोशिश की। साथ ही युवती को उठाकर ले जाने की धमकी दी। बाद में राजा युवकों के साथ मस्जिद के बाहर लाठी डंडे लेकर खड़ा हो गया। जिसके बाद राजा पक्ष के लोगों ने युवती के परिजनों पर हमला बोल दिया।
युवती के परिजनों को सड़क पर गिराकर पीटा। जिसमें कुछ लोगों ने बचाव में आकर पथराव किया तो आरोपी पक्ष के लोगों ने तमंचे से फायरिंग कर दी। जिससे वहां भगदड़ मच गई। कंट्रोल रूम पर घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिटी ओपी सिंह, एएसपी कैंट, एसओ लालकुुर्ती, इंस्पेक्टर सदर और पीएसी मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के लोगों को शांत कराया।
मारपीट और पथराव में युवती का भाई समेत विक्की, वसीम, मुसव्वर, बॉबी, मोहसिन समेत सात लोग घायल हो गये। युवती के भाई को गंभीर हालत में भोपाल नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। दोनों पक्षों में तनाव को देखते हुए मौके पर पीएसी तैनात कर दी गई है।