बैंक कैशियर रिंकू की निर्मम हत्या पर रविवार सुबह लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। भीड़ ने मेडिकल थाने में तोड़फोड़ और पथराव करते हुए आगजनी तक की कोशिश कर दी।
लोग थाने में बैठी आरोपी युवती को जबरन बाहर तक खींच लाए। हत्या के बदले युवती की हत्या करने की बात कहकर उसके साथ मारपीट करने लगे। अराजकता का माहौल देखकर पुलिस थाना छोड़कर भाग गई।
वायरलेस सेट पर सूचना फ्लैश होने पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। कई थानों की पुलिस फोर्स और आरएएफ ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को खदेड़ा।
सरधना थानाक्षेत्र के इकड़ी गांव निवासी जयपाल सिंह के इकलौते बेटे रिंकू कुमार की शनिवार रात गढ़ रोड पर बदमाशों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। रिंकू अम्हेड़ा गांव स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक में कैशियर था।
जयपाल ने गांव की ही राशि त्यागी, उसके पिता ब्रजमोहन त्यागी, भाई निशांत त्यागी और मामा कुलदीप त्यागी को नामजद करते हुए सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया था। पुलिस ने पिता-पुत्री और मामा को गिरफ्तार कर लिया था।
इस वारदात की जानकारी लगने पर रिंकू के परिजन, रिश्तेदार और परिचितों की भीड़ रविवार सुबह मेडिकल थाने पहुंची।
लोगों ने हत्या के बदला हत्या करने का एलान कर दिया। थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों ने लोगों को समझाया कि आरोपी युवती थाने पर नहीं है। जिस पर लोगों का गुस्सा फूट गया। लोगों ने पुलिसकर्मियों को पीटते हुए थाने में तोड़फोड़ कर दी। थाने में खड़े बाइकों में आगजनी की कोशिश की।
इस बीच कुछ लोग थाने के कंप्यूटर रूम में घुसकर आरोपी युवती को खींचकर बाहर तक ले आए। हालात बेकाबू देखकर पुलिस ने वायरलेस सेट पर थाने पर हमले की सूचना फ्लैश की।
सीओ सिविल लाइन और कई थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। आरएएफ भी बुलानी पड़ी। लोगों को थाने से खदेड़ा तो उन्होंने गढ़ रोड पर जाम लगा दिया। डीआईजी रेंज आशुतोष कुमार भी मौके पर पहुंचे। नामजद आरोपियों पर सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन देते हुए लोगों को शांत किया।
मेरा बेटा बुलाकर मारा
जयपाल सिंह सरूरपुर स्थित स्टेट बैंक में क्लर्क हैं। जयपाल का आरोप है कि राशि त्यागी ने उसके बेटे को बुलाकर मामा, भाई और पिता के साथ मिलकर हत्या कर दी। राशि बार-बार अपने बयानों को बदल रही है।
वारदात के दौरान उसने कहा कि पर्स लूटने पर बदमाशों का पीछा करते रिंकू और वह सरायकाजी पहुंचे थे। जहां बदमाशों ने हमला कर दिया। रविवार को उसके बयान बदले, उसने लूट की वारदात को इंकार करते रिंकू के साथ सरायकाजी में जाने की बात कही।