कैराना पलायन प्रकरण की जड़ बना 50 हजार का इनामी कुख्यात बदमाश फुरकान शनिवार सुबह कैराना-कांधला मार्ग पर मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने दबोच लिया। फुरकान को पांच गोली लगी, जबकि दो सिपाही भी मुठभेड़ के दौरान घायल हो गए। घायल फुरकान को सीएचसी शामली में उपचार कराने के बाद निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसका एक साथी मौके से फरार हो गया।
कैराना में व्यापारी रामअवतार वर्मा से गत 23 मार्च को रंगदारी मांगने के मामले में फुरकान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई थी। इससे पूर्व अगस्त 2014 में फुरकान ने रंगदारी न देने पर कैराना के व्यापारी विनोद सिंघल की हत्या कर दी थी, इन्हीं वारदातों को लेकर कैराना पलायन प्रकरण मुद्दा बना था। वहीं, पिछले दिनों सराफ रामअवतार वर्मा से रंगदारी मांगने के मामले में व्यापारियों ने फुरकान की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आंदोलन किया और बाजार तक बंद रखा था। पुलिस अधिकारियों ने फुरकान की गिरफ्तारी के लिए आठ टीमें लगाई हुई थीं। इसी दौरान पुलिस अधिकारियों ने फुरकान पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था।
कुख्यात बदमाश फुरकान को लगी पांच गोली
वहीं, शनिवार सुबह करीब दस बजे मुखबिर की सूचना पर पुलिस अधीक्षक डाक्टर अजयपाल शर्मा ने कैराना-कांधला मार्ग पर बदमाशों की घेराबंदी कराई। खुद पुलिस अधीक्षक भी उस पर मार्ग पर चेकिंग करा रहे थे। इसी दौरान जिडाना गांव से आगे ऊंचा गांव की तरफ से आए बाइक सवार दो बदमाशों को रोकने का इशारा किया। बदमाशों ने पुलिस अधीक्षक अजय पाल शर्मा तथा अन्य पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, तो बदमाश अपनी मोटर साइकिल को छोड़कर भाग खड़े हुए। फायरिंग में फुरकान को पांच गोली लगी, जबकि सिपाही शहजाद और अंकित तोमर भी टांग में गोली लगने के काण घायल हो गए। फुरकान का साथी बदमाश मौके से फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने घायल बदमाश फुरकान को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शामली पहुंचा। चिकित्सकों के मुताबिक फुरकान की दोनों टांग और नाभी के पास सहित पांच गोली लगी हैं। चिकित्सकों ने घायल फुरकान को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने घायल फुरकान को शामली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। वहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस अधीक्षक डाक्टर अजयपाल शर्मा ने बताया कि फुरकान के खिलाफ रंगदारी मांगने के आधा दर्जन मुकदमों सहित हत्या, लूट, डकैती और हत्या के प्रयास के दो दर्जन से ज्यादा मामले दर्ज हैं। इसके अलावा कैराना थाने में इसकी हिस्ट्रीशीट एचएस290ए भी खुली हुई है। फुरकान की गिरफ्तारी में कैराना, झिंझाना, कांधला थाना पुलिस के अलावा स्वाट टीम, क्राइम ब्रांच का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। पुलिस टीम को पुरस्कृत किया जाएगा।