कुख्यात मोनू जाट के साथी भरतू नाई का भी शुक्रवार को किसान दंपति की हत्या के मामले में वारंट बनाया गया। कचहरी परिसर में पुलिसकर्मी उसको हथकड़ी खोलकर हवालात से कोर्ट ले गए। इसको लेकर लोगों में चर्चा थी कि भरतू नाई भाग सकता था।
रोहटा गांव निवासी संदीप उर्फ भरतू नाई शातिर बदमाश है। भरतू नाई का साथी पचास हजार का इनामी रह चुका मोनू जाट ने बताया था कि वह अपने साथी के कहने पर रंगदारी और हत्या की वारदात करता है। भरतू नाई जेल से छूटकर रंगदारी और हत्या की वारदात कर सकता है। इसके चलते पुलिस भरतू नाई को भी आठ सितंबर में रोहटा में किसान शीशपाल व उसकी पत्नी संतोष की हत्या के मामले में 120 बी का मुल्जिम बनाया था। शुक्रवार को भरतू नाई का वारंट सीजेएम संजय सिंह ने बनाकर न्यायिक हिरासत में रखने का आदेश जारी किया। इस हत्याकांड में मोनू जाट और उसकी बहन गीता पहले से ही न्यायिक हिरासत में जेेल में बंद हैं। इस मामले में मोनू जाट का पुलिस रिमांड के लिए शनिवार की तिथि नियत है। वहीं मोनू जाट की बहन की जमानत एडीजे कोर्ट संख्या 10 द्वारा पहले ही खारिज की जा चुकी है।