यूपी के बागपत में लापता 30 वर्षीय किसान की धारदार हथियार से काट कर हत्या कर दी गई। ललियाना गांव के जंगल में किसान का शव पड़ा मिला। किसान दो दिन से लापता था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक के पिता ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
मंसूरपुर गांव निवासी सुमित ने बताया की उसका बड़ा भाई मिंटू (30) पुत्र वीरसैन खेती करता था। सोमवार शाम चार बजे उसके मोबाइल पर किसी युवक का फोन आया। वह 15 मिनट में वापस आने की बात कह कर घर से चला गया, लेकिन वापस नहीं लौटा। आधा घंटे बाद उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया था। बुधवार को ललियाना गांव के जंगल में किसान सियानंद पुत्र नंदू के ईंख के खेत में मिंटू का शव मिलने से भीड़ लग गई। किसान की सिर में धारदार हथियार मारकर हत्या की गई थी। सूचना पर खेकड़ा सीओ आरपी सिंह, चांदीनगर थानाध्यक्ष चितवन कुमार पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस को घटनास्थल से कुछ नहीं मिला। मृतक के पिता ने बताया कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं थी। उन्होंने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। थानाध्यक्ष चितवन कुमार ने बताया कि जल्दी ही आरोपियों का पता लगाकर घटना का खुलासा किया जाएगा।