एडीजी ने डीजीपी को बद्दो पर ढाई लाख का इनाम घोषित करने की रिपोर्ट भी भेजी है। पुलिस, क्राइम ब्रांच, मेरठ और नोएडा एसटीएफ की टीम बद्दो की तलाश में पंजाब और दिल्ली सहित कई राज्यों में दबिश देने में लगी है। बद्दो के गुर्गों की तलाश में मेरठ में भी कई जगह दबिश दी गई। कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
काले रंग की कार में भागा बद्दो
पुलिस का दावा कि बद्दो को उसके गुर्गे काली रंग की एक लग्जरी गाड़ी में लेकर गए हैं। जो कि एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। पुलिस गाड़ी का नंबर पता लगाने में जुटी है। पुलिस के अनुसार, अधिक रफ्तार होने के कारण कार के मॉडल का पता नहीं लग पाया है।
बेटे समेत 17 लोग नामजद
ब्रह्मपुरी थाने में तैनात इंस्पेक्टर (अपराध) जितेंद्र सक्सेना ने बदन सिंह बद्दो के बेटे सिकंदर सहित 17 नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ ब्रह्मपुरी थाने में मुकदमा दर्ज किया है। इसमें होटल मुकुट महल के मालिक मुकेश गुप्ता, ट्रांसपोर्टर डिपिन सूरी, एहतेशाम इलाही (सपा कार्यकर्ता) निवासी गुदरी बाजार कोतवाली, जवाहरलाल निवासी पंजाबीपुरी टीपीनगर, शिशुपाल उर्फ बंटी निवासी लोहचा, जलेसर एटा, सोनू सहगल, पपीत बढ़ला, लल्लू मक्कड़, अनिल छाबड़ा उर्फ जिम्मी व बदन सिंह बद्दो नामजद मुल्जिम हैं।
छह पुलिसकर्मी समेत नौ लोग कोर्ट में पेश
बद्दो को गाजियाबाद पेशी कराने आए फर्रुखाबाद जिले के दरोगा देशराज त्यागी, सिपाही संतोष कुमार, सुनील कुमार, राजकुमार, ओमवीर, भूपेंद्र और बद्दो के साथी एहतेशाम इलाही, जवाहर लाल व शिशुपाल उर्फ बंटी को स्पेशल सीजेएम की कोर्ट में ब्रह्मपुरी पुलिस ने पेश किया। जहां से सभी नौ लोगों को जमानत मिल गई।
बताया गया कि आरोपियों पर अनुच्छेद 221, 224 व 120 बी आईपीसी के तहत केस दर्ज हुआ था। इनमें सात साल से कम की सजा है। सुप्रीमकोर्ट के नियमानुसार उसको जमानत मिली है। कोर्ट ने उनको जमानती दाखिल करने को कहा है, तभी वह रिहा होंगे।
बदन सिंह बद्दो की तलाश में दबिश जारी है। पुलिस ने 11 टीमें बनाई हैं। क्राइम ब्रांच, एसटीएफ भी बद्दो की तलाश में लगी है। दिल्ली, पंजाब समेत कई राज्यों में पुलिस टीम गई है। अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर लुकआउट जारी हो चुका है। -नितिन तिवारी, एसएसपी