चार माह पूर्व हुए ऑनर किलिंग मामले में बुधवार को मुजफ्फरनगर में दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। इस दौरान एक व्यक्ति को गोली मार दी। जिससे इलाके में दहशत फैल गई। अब मौके पर आला अफसर पहुंचे।
मुज़फ्फरनगर के चरथावल में बुधवार को उस समय बवाल हो गया जब चार माह पूर्व हुए ऑनर किलिंग मामले में दो पक्षों में फायरिंग व पथराव हो गया। इस दौरान एक व्यक्ति को गोली लग गई। इससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। बता दें कि जिसको गोली लगी है उसका नाम रियासत बताया जा रहा है। वहीं एक युवक मुन्ना लापता हुआ। सूचना मिलने पर आला अफसर भारी संख्या में पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की पूरी छानबीन की। इस दौरान पुलिस ने घरों में तलाशी ली। खास बात यह है कि मुजफ्फरनगर के चरथावल को छावनी में तब्दील कर दिया है।
एक युवक को गोली मारी
गौरतलब है कि खालापार में मंगलवार को गोकशी की सूचना पर दबिश देने गई पुलिस पर भीड़ ने हमला बोल दिया था। गुस्साई भीड़ ने पथराव कर पकड़े गए तीन आरोपियों को छुड़ा लिया। अचानक हुए हमले से पुलिस गाड़ी छोड़कर भाग खड़ी हुई। बेकाबू भीड़ ने पुलिस की गाड़ी में तोड़फोड़ की। इस दौरान हवाई फायरिंग भी हुई। बाद में भारी पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर लाठियां भांजकर भीड़ को खदेड़ा। हमले में चार पुलिसकर्मी घायल हुए है। एक महिला के भी घायल होने की बात सामने आ रही है।
शहर कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि सुजडू में गोकशी हो रही है। सूचना पर सीओ सिटी ने मंगलवार सुबह दो चौकी इंचार्ज और कोतवाल के हमराहों को दबिश के लिए भेज दिया। पुलिस को वहां कुछ नहीं मिला। टीम वापस लौट रही थी तभी किसी ने सीओ को सूचना दी कि मोहल्ला कस्सावान में गोकशी हो रही है। पुलिस को वहां पहुंची तो पुलिस को गोकशी होती मिली, मृत पशुओं के कुछ अवशेष भी पड़े हुए थे। पुलिस नेे मौके से तीन आरोपियों को पकड़कर जीप में बैठा लिया।
पुलिस को जानकारी देती महिलाएं
इसी बीच आरोपियों ने शोर मचा दिया, जिसके बाद भीड़ एकत्र हो गई और हंगामा करते हुए तीनों को छुड़ा लिया। छतों से पुलिस पर पथराव किया गया, जिसके चलते पुलिस को मौके से जान बचाकर भागना पड़ा। बवाल की सूचना पर सीओ सिटी तेजवीर सिंह भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और लाठियां भांजकर भीड़ को खदेड़ा। इस दौरान हवाई फायरिंग भी हुई। घटना में तीन सिपाही घायल हो गए। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि पुलिस फायरिंग में छर्रे लगने से एक महिला भी घायल हो गई। भीड़ और सीओ के बीच तीखी नोकझोंक और गाली-गलौज तक हुई। भीड़ का कहना था कि पुलिस बेवजह लोगों को परेशान कर रही है।
सब कुछ शांत होने के बाद पुलिस फोर्स वहां से लौटने लगी। इसी बीच भीड़ ने पुलिस पर घायल महिला की डॉक्टरी नहीं कराने का आरोप लगाते हुए डायल-100 की दो गाड़ियों के स्टाफ के साथ दुर्व्यवहार कर दिया। सूचना मिलने पर वापस लौटी फोर्स फिर से घटनास्थल की ओर दौड़ पड़ी। एसपी सिटी ने मौके पर जाकर भीड़ को जमकर हड़काया। संघर्ष के दौरान घंटों खालापार में कर्फ्यू जैसे हालात बने रहे। घटना से शहर में अफरातफरी का माहौल रहा। घटना के संबंध में इंस्पेक्टर संजीव शर्मा ने छुड़ाए गए तीन आरोपियों सहित 14 नामजद और 25-30 अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/