मेरठ। देहली गेट क्षेत्र के पत्ता मोहल्ले में पानी फेंकने को लेकर दो समुदाय के लोगों में टकराव हो गया। एक पक्ष ने गालीगलौज की तो दूसरे पक्ष ने घर में घुसकर हमला बोल दिया। सांप्रदायिक तनाव की सूचना पर देहली गेट थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों के पांच लोगों को हिरासत में लिया है।
एसओ देहली गेट विजय कुमार गुप्ता के मुताबिक पत्ता मोहल्ले में पुत्तन लाल के मकान में निर्माण चल रहा है। सोमवार शाम पुत्तन लाल अपने मकान की तराई कर रहे थे। पानी की छींटे पड़ोसी आसिफ पर गिर गई। जिस पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। आरोप है कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के घर में घुसकर मारपीट करनी शुरू कर दी। इसकी जानकारी पर दोनों समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए और पथराव हो गया। सांप्रदायिक तनाव की स्थिति बनी तो पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने भीड़ को लाठी फटकाकर खदेड़ दिया। पुलिस पांच लोगों को थाने ले आई। युवा सेवा समिति के अध्यक्ष बदर अली ने पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाया।
खास बातें:
- देहली गेट थानाक्षेत्र के पत्ता मोहल्ले में हुआ विवाद
- पुलिस ने लाठी फटकारकर भीड़ को खदेड़ा