मेरठ। परतापुर क्षेत्र के कंचनपुर घोपला गांव में रविवार रात बारात की चढ़त को लेकर हुए विवाद में जाट और दलित पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला बोल दिया। मारपीट और पथराव के बीच हवाई फायरिंग से गांव में भगदड़ मच गई। दो महिलाओं समेत दस लोग घायल हुए हैं। पुलिस फोर्स ने पहुंचकर किसी तरह मामला शांत कराया।
पुलिस के अनुसार गांव निवासी विक्रम चौधरी की बेटी की बारात आयी हुई थी। बारात गांव में दलित पक्ष के रास्ते की तरफ से चढ़नी शुरू हो गई। वहीं, गांव में कृष्ण की भी बेटी की बारात आयी हुई थी। आरोप है कि दलित पक्ष के लोगों ने कहा कि यहां से बारात को दूसरे रास्ते की तरफ मोड़ दिया जाए क्योंकि उनकी बारात की चढ़त शुरू हो गई। गांव का मेन रास्ता बताते हुए जाट पक्ष के लोगों ने इसकी अनदेखी कर दी। जिसके बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए।
आरोप है कि जाट पक्ष के लोगों नें दलितों के साथ मारपीट कर शादी समारोह के पास डीजे में तोड़फोड़ कर दी। वाहनों में तोड़फोड़ कर दी। दूसरी तरफ से दलित भी लाठी-डंडे लेकर आमने-सामने आ गए और हमला बोल दिया। दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और घर की छतों से पथराव शुरू कर दिया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हवाई फायरिंग करने का आरोप लगाया है। मारपीट और पथराव में दलित पक्ष से रीता, आकाश, ललित, लोकेश, करन, विकास, मनीष घायल हुए हैं। जबकि जाट पक्ष से भी चार लोग घायल हुए हैं। कंट्रोल रूम की सूचना पर एसपी सिटी मान सिंह चौहान, सीओ ब्रह्मपुरी अखिलेश भदौरिया, इंस्पेक्टर परतापुर राशिद अली फोर्स के साथ पहुंचे। पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया। घायलों को मेडिकल के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुराना चल रहा है विवाद
इंस्पेक्टर परतापुर का कहना है कि गांव में जाट और दलित पक्ष के बीच पुराना विवाद चल रहा है। दोनों पक्षों में पहले भी कई बार टकराव हो चुका है। रात में भी मामूली से विवाद को लेकर दोनों पक्ष आमने सामने आ गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया। तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
खास बातें:
जाट और दलित बिरादरी के बीच रात में चढ़त को लेकर हुआ था विवाद
डीजे सिस्टम और आधा दर्जन कारों में तोड़फोड़, मारपीट व पथराव हुआ