कंकरखेड़ा। आर्मी पब्लिक स्कूल के सफाई कर्मचारी यशपाल की हत्या के खुलासे से परिजन संतुष्ट नहीं हैं। परिजनों को कहना है कि हत्या का कारण रुपये के लेनदेन का विवाद नहीं है। परिजनों से एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर मामले की दोबारा जांच कराने की मांग की है। चार अगस्त को दौराला थाना क्षेत्र के गांव सिवाया निवासी यशपाल पुत्र धर्म सिंह की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस पावली खुर्द निवासी मंगल सिंह को जेल भेज चुकी है, जबकि दूसरा आरोपी अनुज निवासी दौराला फरार है। पुलिस ने हत्या के पीछे 30 हजार रुपये के लेनदेन का विवाद बताया था। वहीं परिजनों का कहना है कि हत्या के पीछे उसकी महिला दोस्त का विवाद है। वहीं सीओ दौराला वीपी सिंह का कहना है कि हत्या का खुलासा बिल्कुल सही हुआ है। फरार चल रहे दूसरे आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।