मेरठ। गढ़ रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर रविवार रात कार में बैठे परिवार के लोगों के साथ आधा दर्जन युवकों ने बदसलूकी कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने महिलाओं के साथ छेड़छाड़ कर कपड़े फाड़ दिए। मारपीट कर कार में तोड़फोड़ कर दी। घटना के बाद हमलावर फरार हो गए। मेडिकल पुलिस ने आरोपियों की तलाश में दबिश दी। लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़े।
हापुड़ रोड स्थित एक कॉलोनी निवासी युवक एक कार्यक्रम में शामिल होकर कार से लौट रहा था। कार में महिलाएं और परिवार के अन्य सदस्य भी थे। रात करीब पौने दस बजे कार मेडिकल कॉलेज के सामने एक पेट्रोल पर पर पहुंची। पेट्रोल भरवाने के बाद यह युवक कार को पेट्रोल पंप के किनारे लगाकर अपने परिचित को फोन करने लगा। इस बीच वहां जागृति विहार निवासी युवक अपने साथी के साथ कार से पहुंचा और कार हटाने के लिए कहा। जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई।
आरोपी पक्ष ने कार से साइड मार दी। विरोध करने पर आरोपियों ने युवक को पीट दिया। जिसके बाद जागृति विहार निवासी युवक ने फोन का अपने साथियों को बुला लिया। आरोपियों ने महिलाओं से छेड़छाड़ कर दी। कार के शीशे तोड़ दिए। गढ़ रोड पर इस दौरान अराजकता का माहौल हो गया। आरोपी युवक को गोली मारने की धमकी देते हुए भाग निकले।
कंट्रोल रूम की सूचना पर एसओ मेडिकल सतीश कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस पीड़ित पक्ष को थाने ले गई और तहरीर देने के लिए कहा। एसओ मेडिकल ने बताया कि तहरीर पर जागृति विहार निवासी अमित और आधा दर्जन से अधिक युवकों के खिलाफ मारपीट, बलवा, तोड़फोड़, गालीगलौज और छेड़छाड़ की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी के घर दबिश दी गई। लेकिन वह फरार मिला।
फुटेज कब्जे में ली
पुलिस ने पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज कब्जे में ली है। फुटेज के अनुसार महिलाओं को बचाने के लिए पेट्रोल पंप पर मौजूद कर्मचारी दौड़े तो आरोपियों ने उन्हें भी धमकी दी। बाद में भीड़ जुटती देखकर आरोपी मौके से भाग निकले।
सरेआम अराजकता और तमाशबीन लोग
पीड़ित महिलाओं ने मेडिकल थाने में बिलखते हुए बताया कि सरेआम अराजकता की गई और कोई भी उन्हें बचाने नहीं आया। यदि पेट्रोल पंप पर गार्ड और अन्य लोग उन्हें बचाते तो आरोपी मौके पर ही पकड़े जा सकते थे। लेकिन भीड़ तमाशा देखती रही।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
एसएसपी मंजिल सैनी के अनुसार जांच पड़ताल में मामला कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट का सामने आया है। छेड़छाड़ की बात सामने नहीं आयी है। कार में महिलाएं थीं तो छेड़छाड़ की बात कही गई है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
खास बातें:
गढ़ रोड पर मेडिकल कॉलेज के सामने पेट्रोल पंप पर रविवार रात हुई घटना
कार सवार महिलाओं से सरेआम छेड़छाड़, आरोपी सीसीटीवी कैमरे में कैद