घर में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़
मेरठ। रसीदनगर निवासी रियाजुद्दीन पुत्र मोहम्मद सिराज के यहां कुछ दिन पहले एक नौकर काम करने आया था। बृहस्पतिवार को इस्लामाबाद निवासी दो भाई पहुंचे और कहा कि हमारे नौकर को कैसे रख लिया। इस पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि दोनों भाई आधा दर्जन युवकों के साथ पहुंचे और रियाजुद्दीन की कनपटी पर पिस्टल रखकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी पक्ष के लोगों ने घर में घुसकर मारपीट करते हुए तोड़फोड़ कर दी। महिलाओं ने विरोध करते हुए हंगामा किया तो एक आरोपी ने महिला के साथ अभद्रता की। इस बीच महिलाओं ने पथराव कर दिया। इसके बाद आरोप धमकी देते हुए फरार हो गए। सूचना पर लिसाड़ीगेट पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित पक्ष के लोगों ने आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस को घेर लिया। इंस्पेक्टर लिसाड़ीगेट का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जा रही है।