जानीखुर्द। कस्बा सिवालखास में साढू की मां को मारने वाले युवक को पुलिस बृहस्पतिवार को पकड़ नहीं पाई है। वहीं, पोस्टमार्टम के बाद महिला के शव को सुपुर्द ए खाक किया गया।
कस्बा सिवालखास में बुधवार देर रात महफूज की पत्नी आसमां को उसके पुत्र सनवर के साढू जाकिर ने मारपीट कर मार डाला था। घटना का कारण आसमां का जाकिर को अपने घर आने का विरोध करना बताया गया। घटना की रिपोर्ट पीड़ित के पुत्र सनवर ने थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को आरोपी जाकिर की गिरफ्तारी के लिए कई स्थानों पर दबिश दी। हालांकि वह हत्थे नहीं चढ़ सका। दूसरी ओर पोस्टमार्टम के बाद आसमां के शव को कस्बा सिवालखास के कब्रिस्तान में दफना दिया गया।