एक्सप्रेस वे पर बस के आगे बस रोकी तो कंडेक्टर पर हमला
मुरादनगर। दुहाई में ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस वे पर बस के आगे बस रोकने पर दोनों पक्षों में संघर्ष हो गया। एक बस संचालक ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर चाकू बलकटी से हमला कर दूसरी बस के कंडेक्टर को गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
जनपद बुलंदशहर स्याना के मोहल्ला चौधरीयान निवासी नदीम ने बताया कि ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस वे पर उसका भाई शाहरुख पानीपत से सीतापुर चलने वाली बस में कंडेक्टर का काम करता है। आरोप है कि दुहाई गांव के पास पीछे से आई दूसरी बस ने उसकी बस के आगे अपनी बस लगा दी। इस बात को लेकर शाहरुख और दूसरी बस के संचालक के बीच कहासुनी हो गई। मामला गाली गलौज से मारपीट तक पहुंच गया। इसके बाद आरोपियों ने चाकू बलकटी से हमला कर शाहरुख को लहूलुहान कर दिया। इसपर बस में सवार लोगों में चीख पुकार मच गई। गंभीर हालत में शाहरुख को गाजियाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रभारी निरीक्षक उम्मेद बहादुर सिंह ने बताया कि पीड़ित कंडेक्टर के परिजनों की तहरीर पर आरिफ निवासी सीलमपुर दिल्ली, ताहिर, दानिश, सलमान निवासी स्याना बुलंदशहर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।