ट्रांसलेम कॉलेज में गुंडई करने वाला छात्र गिरफ्तार
गंगानगर। ट्रांसलेम कॉलेज में क्लास में घुसकर मारपीट करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ लिया है। आरोपी के परिजनों ने सीनियर छात्र पर रैगिंग करने का आरोप लगाया है।
ट्रांसलेम कॉलेज में मुंडाली क्षेत्र के बिसौरा निवासी सलीम अहमद बीएएलएलबी फोर्थ ईयर का छात्र है। वहीं इंचौली के गाजीपुर निवासी विशाल यादव पुत्र रोहताश प्रथम वर्ष का छात्र है। एक माह पूर्व फ्रेशर पार्टी के दौरान दोनों छात्रों के बीच कहासुनी हो गई थी। मंगलवार को विशाल यादव ने अपने साथियों के साथ मिलकर क्लास में घुसकर सलीम के साथ मारपीट कर दी थी। मारपीट की वीडियो वायरल हो गई। अमर उजाला मामले को प्रमुखता से उठाया तो पुलिस हरकत में आई। बृहस्पतिवार को पुलिस ने विशाल यादव को पकड़ लिया। एसओ गंगानगर आशुतोष के मुताबिक अधिकारियों के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वहीं पूरे दिन आरोपी को छुड़ाने के लिए लोगों का आना जाना लगा रहा। मामला दो संप्रदाय से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने एसडीएम सदर को मामले से अवगत कराया। एसडीएम ने आरोपी को जेल भेजने के आदेश दिए। उधर, आरोपी छात्र के परिजनों का कहना है कि वीडियो में विशाल अन्य छात्रों के पीछे खड़ा है। साथ ही उन्होंने सीनियर छात्र पर रैगिंग करने का आरोप लगाया।
खास बात
दो दिन पूर्व क्लास में घुसकर सीनियर छात्र के साथ की थी मारपीट