मेरठ। सोमवार से लापता हुंडई शोरूम के सेल्स मैनेजर सुधीर मलिक की लोकेशन बुधवार शाम ऋषिकेश में मिलने पर पुलिस टीम वहां पहुंची। लेकिन सुराग नहीं लगा। परिजन भी तलाश में जुटे हैं।
शास्त्रीनगर सेक्टर-9 निवासी सुधीर मलिक ने सोमवार शाम अपनी पत्नी कोमल मलिक को व्हाट्सएप पर भेजे मैसेज में लिखा था कि ‘मुझसे बड़ी गलती हो गई, मैं सुसाइड करने जा रहा हूं’। जिसके बाद परिजनों ने थाना परतापुर पर गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस के अनुसार सुधीर के मोबाइल फोन की आखिरी लोकेशन हरिद्वार की मिली थी। जिसके बाद मंगलवार रात ही एक टीम हरिद्वार पहुंच गई थी। बुधवार को खोजबीन के दौरान सुधीर की लोकेशन ऋषिकेश में मिलने पर पुलिस टीम ऋषिकेश पहुंच गई। हालांकि देर रात तक सुधीर का सुराग नहीं लगा। इंस्पेक्टर परतापुर दीपक शर्मा के अनुसार हुंडई शोरूम से जानकारी ली गई तो पता चला कि कुछ लोगों ने सुधीर से गाड़ी बुक कराई थी। जिसके रुपये भी सुधीर के पास हैं। करीब ढाई लाख रुपये की गड़बड़ी बताई जा रही है।
उधर, एसएसपी मंजिल सैनी का कहना है कि लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम ऋषिकेश में सुधीर की तलाश कर रही है। अभी तक की जानकारी के अनुसार ये मामला रुपयों के हेरफेर का लग रहा है। संभव है कि कोई दूसरी वजह भी हो। पुलिस अपनी तरफ से उन्हें तलाशने का पूरा प्रयास कर रही है।