मोदीपुरम। पल्लवपुरम स्थित एक स्कूल में 12वीं की सीबीएसई बोर्ड की छात्रा फेल होने के बाद से लापता है। छात्रा का कोई सुराग नहीं लगने पर पिता ने पल्लवपुरम थाने पर गुमशुदगी दर्ज कराई है। पल्लवपुरम फेज दो स्थित डी पाकेट निवासी ब्रह्मजीत सिंह सोम ने बताया कि उनकी बेटी दिव्यांशी सोम कक्षा 12 में आरएन स्कूल की छात्रा है। दिव्यांशी का भाई विपिन दिल्ली पुलिस में तैनात है। विपिन ने बताया कि बृहस्पतिवार को सीबीएसई बोर्ड का 12वीं का परिणाम आया था। दिव्यांशी घर से दो बजे निकली थी। छात्रा की एक विषय में बैक आ गई थी। इस कारण वह मायूस थी और घर नही लौटी। इंस्पेक्टर पल्लवपुरम जनक सिंह चौहान का कहना है कि छात्रा की गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। विपिन ने बताया कि छात्रा घर के मोबाइल से दो सिम और 15 हजार रुपये भी ले गई है। फिलहाल पुलिस को उसका सुराग नहीं लगा है।