मुंडाली क्षेत्र के कैथवाड़ा के खेत में मिला 22 वर्षीय युवती का शव
पुलिस को अंदेशा अपहरण के बाद की गई हत्या, शनाख्त नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
मुंडाली/मेरठ। मुंडाली थाना क्षेत्र में एक युवती की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई। पहचान छिपाने के लिए शव को खेत में जला दिया गया। मंगलवार सुबह युवती का शव मिलने से सनसनी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल की। शनाख्त नहीं होने पर पुलिस ने शव को मेडिकल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।
एसओ मुंडाली दिनेश कुमार ने बताया कि गांव बढ़ला कैथवाड़ा में दीनू पुत्र भीम सिंह के गेहूं के खेत में एक अज्ञात युवती का शव पड़ा मिला। शव को कब्जे में लेकर आसपास के लोगों से उसकी शनाख्त कराने का प्रयास किया गया। लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। देखने से लगता है कि युवती की हत्या कहीं दूसरी जगह की गई और यहां लाकर शव डाला गया। युवती के चेहरे, हाथ आदि को जलाने का प्रयास भी किया गया है। एसओ मुंडाली के अनुसार युवक के कानों में कुंडल, पैरों में पाजेब और वह जूती पहने हुई थी। महिला की उम्र करीब 22 से 25 साल के बीच रही होगी। शव की शनाख्त न होने पर इसकी सूचना मेरठ जोन के सभी जिलों को दी गई। प्रथम दृष्टया पुलिस मान रही है कि अंदेशा है कि दुष्कर्म के बाद युवती की हत्या की गई हो। हालांकि शव की शनाख्त होने के बाद ही पूरे मामले का पता चल सकेगा।
72 घंटे बाद होगा पोस्टमार्टम
मुंडाली एसओ ने बताया कि यदि युवती के शव की 72 घंटे में शनाख्त नहीं होती है तो शाव का पोस्टमार्टम नियमानुसार शव मिलने के 72 घंटे बाद होगा। युवती की मौत कैसे हुई, उसके साथ दुष्कर्म हुआ या नहीं, इसकी पुष्टि भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।