खतौली से मिले लापता छात्र
मवाना। नगर से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए दो छात्र सोमवार को खतौली से बरामद हो गए। पुलिस ने बरामद छात्रों को परिजनों के सुपूर्द कर दिया।
जानकारी के अनुसार नगर के शिवपुरी कॉलोनी बड़ा महादेव मंदिर के पास रहने वाले कृष्णा रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। कृष्णा के साथ कॉलोनी निवासी एक छात्र भी गया था। छात्रों के परिजनों ने दोनों की काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। जिस पर कृष्णा के परिजनों ने थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए छात्रों की तलाश शुरू की। पुलिस ने दोनों छात्रों को खतौली से बरामद कर लिया और थाने ले आई। पुलिस ने मामले की जानकारी छात्रों के परिजनों को दी। छात्रों ने बताया कि वह स्वयं घर से गए थे। उन्हें कोई नहीं ले गया था। पुलिस ने छात्रों को परिजनों के हवाले कर दिया। थाना प्रभारी मनीष बिष्ट ने बताया कि दोनों छात्रों को सकुशल बरामद करने के बाद परिजनों के सुपूर्द कर दिया गया है।