गंदगी में बनाए जा रहे थे बेसन के लड्डू
मेरठ। खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने मंगलवार को इंद्रानगर प्रथम में एक खाद्य पदार्थ निर्माण इकाई में छापेमारी की। यहां से बेसन के लड्डू, पेड़ा और गोले के लड्डू के नमूने लिए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला लखनऊ भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अभिहित अधिकारी अर्चना धीरान ने बताया कि खाद्य पदार्थ गंदगी में बनाए जा रहे थे। इसके अलावा बिना खाद्य लाइसेंस के काम करते हुए पाया गया। इसके लिए निर्माण इकाई मालिक को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि लाइसेंस प्राप्त किए जाने तक अपना खाद्य कारोबार बंद रखें। इस दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सर्वेश मिश्रा, दर्पण कुमार, दलवीर सिंह, अमित कुमार सिंह, सुभाषचंद मौर्य आदि मौजूद थे।